सुरक्षाबलों ने 2 नक्सलियों को किया ढेर, AK-47 बरामद; लंकापल्ली में 30 किलो के 2 IED डिफ्यूज

छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर स्थित बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। दक्षिण बीजापुर में नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद डीआरजी (DRG) के जवानों को सर्च ऑपरेशन पर भेजा गया था। सुबह करीब 7 बजे जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला। इस कार्रवाई में अब तक 2 नक्सली मारे गए हैं, जिनके शव पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त

मुठभेड़ स्थल की तलाशी के दौरान जवानों को नक्सलियों के पास से एक AK-47 राइफल, एक 9MM पिस्टल और भारी मात्रा में गोला-बारूद मिला है। पुलिस के मुताबिक, इस इलाके में नक्सलियों की बड़ी बटालियन सक्रिय है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल ऑपरेशन में शामिल जवानों की सटीक संख्या और लोकेशन की जानकारी साझा नहीं की गई है, क्योंकि इलाके में अभी भी रुक-रुककर फायरिंग जारी है।

बड़ी साजिश नाकाम: 30 किलो के IED बरामद

इधर, इलमिडी थाना क्षेत्र के लंकापल्ली गांव में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक और बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। सर्चिंग के दौरान कच्ची सड़क के बीचों-बीच लगाए गए 20 से 30 किलोग्राम वजन के दो शक्तिशाली IED बरामद किए गए। नक्सलियों ने कमांड स्विच सिस्टम के जरिए इन बमों को बड़ी गाड़ियों को उड़ाने के मकसद से लगाया था। बीडीएस (BDS) टीम ने मौके पर ही इन्हें सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।