मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। घटना पुराने भोपाल-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर इटारसी के पास पथरौटा नहर पुल के निकट शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे की है।
तेज रफ्तार आई-20 कार केसला की ओर से इटारसी की दिशा में जा रही थी। पुल पर पहुंचते ही वाहन चालक का नियंत्रण खो गया और कार सुरक्षा की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर के गहरे पानी में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पानी में गिरने के बाद कुछ देर तक अंदर फंसे युवकों की चीखें और दरवाजे-खिड़कियां पीटने की आवाजें सुनाई दीं। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तेज बहाव और कार के बंद दरवाजों के कारण उन्हें बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।
सूचना मिलते ही पथरौटा और इटारसी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। करीब दो घंटे की कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक तीनों युवक डूब चुके थे और उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने कार से शराब की कुछ बोतलें बरामद की हैं, जिसके आधार पर नशे में वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारी स्पष्ट कर रहे हैं कि हादसे का सटीक कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा।
मृतकों में एक युवक रैसलपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है, जबकि अन्य दो इटारसी क्षेत्र के रहने वाले थे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए इटारसी के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है और आसपास के ढाबों तथा दुकानों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि पूरी घटना का सही क्रम सामने आ सके।