कोकापुर हत्याकांड: ड़ोसी ने की हत्या, खाई में फेंका शव, खुद सरेंडर

राजस्थान: डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकापुर गांव में प्रेम संबंध को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने पड़ोसी की हत्या कर दी और शव को सड़क के किनारे गहरी खाई में फेंक दिया। घटना के दो दिन बाद रविवार को आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सागवाड़ा थाना प्रभारी मनीष खोईवाल के अनुसार, कोकापुर निवासी दिनेश पाटीदार रविवार सुबह थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्होंने गांव के ही युवक तिलेश पाटीदार की हत्या कर दी है और उसका शव काली घाटी में सड़क के पास खाई में डाल दिया है।

पूछताछ में दिनेश ने हत्या का कारण बताते हुए कहा कि तिलेश पाटीदार के उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध थे। इसी रंजिश के चलते उसने 6 फरवरी को तिलेश की हत्या कर शव को खाई में फेंक दिया था।

आरोपी के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी के बताए पते पर टीम काली घाटी पहुंची और खाई से शव बरामद किया, जिसकी पहचान तिलेश पाटीदार के रूप में हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।