भोपाल: करेंसी एक्सचेंज के नाम पर महिला से 2.92 लाख ठगे

भोपाल में एक महिला कर्मचारी से करेंसी एक्सचेंज के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। नासिक के एक व्यक्ति ने उसे लगभग 2 लाख 92 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता अमेरिकी डॉलर खरीदना चाहती थी, लेकिन आरोपी ने पैसे लेकर संपर्क तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, भोपाल के गांधी नगर निवासी 25 वर्षीय विनीता प्रजापति एक निजी मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी कंपनी करेंसी एक्सचेंज से संबंधित कार्य भी करती है। विनीता ने रुपये के बदले डॉलर प्राप्त करने के लिए नासिक निवासी रविप्रकाश त्रिपाठी से संपर्क किया।

त्रिपाठी ने जल्द ही डॉलर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। दोनों के बीच सौदा तय होने पर विनीता ने सितंबर से दिसंबर 2025 के दौरान तीन अलग-अलग किस्तों में कुल 2,92,890 रुपये आरोपी के दिए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

पैसे मिलने के बाद त्रिपाठी ने डॉलर देने में आनाकानी शुरू कर दी। एक महीने से अधिक समय बीत जाने पर भी जब डॉलर नहीं मिला, तो विनीता ने दबाव बनाया। इसके जवाब में आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और संपर्क से गायब हो गया।

परेशान होकर विनीता ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने और कितने लोगों के साथ ऐसी वारदात की है।