दिल्ली में वैश्विक AI मंच: मैक्रों, लूला, बिल गेट्स सहित विश्व नेता और सीईओ जुटेंगे, 16-20 फरवरी तक चलेगा समिट

नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की शुरुआत 16 से 20 फरवरी तक चलेगा। यह पांच दिवसीय वैश्विक आयोजन भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है और इसे अब तक का सबसे बड़ा एआई समिट बताया जा रहा है। यह चौथा वार्षिक वैश्विक एआई फोरम है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की तेज प्रगति से जुड़े जोखिमों और अवसरों पर केंद्रित रहेगा।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह समिट दुनिया भर के नेताओं, नीति निर्माताओं, इनोवेटर्स और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर एआई के भविष्य के रास्ते पर चर्चा करेगा। यह ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाला पहला प्रमुख एआई समिट है, जिसमें लगभग 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख शामिल होने वाले हैं।

प्रमुख विश्व नेता जो शामिल होने वाले हैं:

  • फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों
  • ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा
  • स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज
  • स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन
  • नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक शूफ
  • अबू धाबी (यूएई) के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान
  • भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे
  • श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा डिसानायका
  • मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम
  • सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक
  • स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी

अन्य देशों जैसे बोलीविया, क्रोएशिया, एस्टोनिया, फिनलैंड, गुयाना, कजाकिस्तान, लिकटेंस्टीन, सेशेल्स आदि के उच्च पदाधिकारी।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी समिट में भाग लेंगे। उनके साथ यूएन के कई वरिष्ठ अधिकारी जैसे ह्यूमन राइट्स हाई कमिश्नर वोल्कर टर्क, डिजिटल टेक्नोलॉजी के अंडर-सेक्रेटरी-जनरल अमनदीप सिंह गिल, आईएमएफ की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टालिना जॉर्जीवा, आईएलओ के डायरेक्टर-जनरल गिल्बर्ट एफ हौंगबो और अन्य शामिल होने की उम्मीद है।

टेक जगत के प्रमुख नेता:

समिट में कई बड़े टेक कंपनियों के सीईओ और लीडर्स शामिल होंगे, जिनमें शामिल हैं:

  • सुंदर पिचाई (सीईओ, गूगल एंड अल्फाबेट)
  • सैम ऑल्टमैन (सीईओ, ओपनएआई)
  • डेमिस हसाबिस (को-फाउंडर एंड सीईओ, गूगल डीपमाइंड)
  • डारियो अमोदेई (सीईओ, एंथ्रोपिक)
  • क्रिस्टियानो अमोन (सीईओ, क्वालकॉम)
  • ब्रैड स्मिथ (प्रेसिडेंट, माइक्रोसॉफ्ट)
  • बिल गेट्स (चेयर, गेट्स फाउंडेशन)
  • अलेक्जेंडर वांग (चीफ एआई ऑफिसर, मेटा)
  • यान लेकुन (चीफ एआई साइंटिस्ट, मेटा)
  • शांतनु नारायण (सीईओ, एडोब)
  • और अन्य जैसे अपर्णा बावा (जूम), जूली स्वीट (एक्सेंचर), आरती सुब्रमण्यम (टीसीएस) आदि।

हालांकि, एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग की भागीदारी रद्द हो गई है। कंपनी ने “अप्रत्याशित परिस्थितियों” का हवाला देते हुए उनकी यात्रा रद्द करने की जानकारी दी है।