इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ‘शर्ट उतार’ प्रदर्शन के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। शुक्रवार को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस समिट के दौरान युवा कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर प्रवेश किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ‘PM is Compromised’ जैसे नारे लगाते हुए विरोध जताया। इस घटना के विरोध में आज शनिवार को भाजपा ने देशभर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
महाराष्ट्र के भिवंडी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को आज आरएसएस से जुड़े 2014 के मानहानि मामले में कोर्ट में पेशी के लिए जाते समय मुलुंड टोल नाके के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे और पोस्टर दिखाकर जोरदार विरोध किया। राहुल गांधी मुंबई एयरपोर्ट से भिवंडी कोर्ट की ओर जा रहे थे, तब यह प्रदर्शन हुआ। कोर्ट में पेशी के बाद भी विरोध जारी रहा।
दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जुटकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि AI समिट में कांग्रेस का यह प्रदर्शन देश की अंतरराष्ट्रीय छवि खराब करने वाली साजिश थी और इसे राहुल गांधी के घर से प्लान किया गया।
विपक्षी कांग्रेस का कहना है कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों, खासकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ आवाज उठाई थी। प्रदर्शन के दौरान चार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिनमें गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।