खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों में संभावित आतंकी हमले की आशंका के चलते हाई अलर्ट जारी किया है। प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) राजधानी दिल्ली में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से हमले की साजिश रच रहा है।
इसमें खास तौर पर दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के आसपास के इलाकों और पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक में स्थित मंदिरों को निशाना बनाने की आशंका जताई गई है। खुफिया इनपुट्स बताते हैं कि आतंकी भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों, धार्मिक केंद्रों और पर्यटन स्थलों पर हमला कर सांप्रदायिक तनाव पैदा करने और देश में दहशत फैलाने की कोशिश कर सकते हैं।
इसके अलावा अयोध्या, वाराणसी, मथुरा जैसे धार्मिक महत्व के शहरों में प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, यह साजिश 6 फरवरी 2026 को इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बदले के तौर पर रची जा रही है। उस हमले के लिए पाकिस्तान ने बिना सबूत के भारत पर आरोप लगाए थे, जिसे भारत ने सिरे से खारिज कर दिया था।
दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिए हैं। पुरानी दिल्ली, लाल किला क्षेत्र और बाजारों में निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों की गहन जांच, एंटी-सैबोटेज चेक और पैदल गश्त तेज कर दी गई है।