ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के समीप उस समय हुआ, जब ड्यूटी पर जा रही पुलिस की बोलेरो गाड़ी को विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। इससे पांच पुलिसकर्मी घटनास्थल पर ही नहीं बच सके।
मृतकों की पहचान ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, आर्म्ड पुलिस रिजर्व (एपीआर) के काशीराम भोई, देबदत्त सा, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है।
घायल तीन पुलिसकर्मियों में दो एपीआर सदस्य और एक सार्जेंट शामिल हैं। रेस्क्यू टीम ने उन्हें तत्काल बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे का कारण चालक की लापरवाही, थकान या वाहन की तकनीकी खराबी हो सकता है। इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का भरोसा दिया है।