दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में मंगलवार रात सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मरघट वाले हनुमान मंदिर के निकट एक कार पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में कार में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि कार में मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम से जुड़ा वकील बताया है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 10:10 से 10:30 बजे के बीच आईएसबीटी के पास हुई। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें अधिवक्ता दीपक खत्री, उनका सहयोगी संदीप और ड्राइवर शामिल थे। सभी लोग हनुमान मंदिर में दर्शन कर कार में बैठकर जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने कार का पीछा किया और पीछे से कई राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग से कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया और पीछे की सीट पर बैठे संदीप को कंधे के पास दो गोलियां लगीं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ड्राइवर ने मौके पर तुरंत सूझ-बूझ दिखाई और कार को तेज रफ्तार से मेडन होटल के पास ले जाकर रोका, फिर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही उत्तर दिल्ली के पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और अन्य दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कश्मीरी गेट थाने में धारा 109(1)/3(5) (हत्या का प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र) के तहत भारतीय न्याय संहिता तथा आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
अधिवक्ता दीपक खत्री ने पुलिस को बताया कि वे लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम का हिस्सा हैं और गैंगस्टर की ओर से अदालतों में पैरवी करते हैं। पुलिस उनकी इस बात की पुष्टि कर रही है और जांच में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह हमला गैंगवार का हिस्सा है, किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा है या कोई अन्य कारण है। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि दीपक खत्री की पत्नी राजनी खत्री लॉरेंस बिश्नोई की मुख्य वकील हैं।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त की है और हमलावरों की पहचान व उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की हैं। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी जारी है। सोशल मीडिया पर घटनास्थल का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें क्षतिग्रस्त कार और घायल व्यक्ति दिखाई दे रहा है।