इंदौर के खजराना इलाके में गुरुवार की सुबह एक युवती पहली मंजिल की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
खजराना पुलिस ने इस मामले में युवती के परिचित अनिकेत उर्फ टिक्की के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि आरोपी ने युवती को छत पर बुलाया था और दोनों के बीच पहले से परिचय था।
परिजनों की शिकायत के अनुसार, अनिकेत ने युवती पर अपने साथ जाने का दबाव बनाया। जब युवती ने मना किया तो आरोपी ने गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। युवती के शोर मचाने पर घरवाले छत की ओर भागे। इसी बीच आरोप है कि अनिकेत ने युवती को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह रेलिंग के पास से संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई। आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने जानबूझकर धक्का दिया, जिसमें हत्या की नीयत दिखती है। पुलिस ने अनिकेत के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और हत्या के प्रयास संबंधी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी खजराना क्षेत्र का ही रहने वाला है और उसकी तलाश जारी है। जांच में सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।