मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में प्रोजेक्ट चीता को एक नई मजबूती मिली है। शनिवार सुबह बोत्सवाना से 9 नए चीते (6 मादा और 3 नर) सफलतापूर्वक पहुंचाए गए। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से ये चीते पहले ग्वालियर एयरबेस पर उतारे गए और फिर हेलीकॉप्टर के माध्यम से कूनो पहुंचाए गए।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव भी इस मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से क्रेट का हैंडल घुमाकर दो चीतों को क्वारंटीन एनक्लोजर में छोड़ा।
इस नए जत्थे के आने से कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या 36 से बढ़कर 45 हो गई है। गांधी सागर अभयारण्य में मौजूद 3 चीतों को मिलाकर देश में कुल चीतों की संख्या अब 48 पहुंच गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस खेप में मादा चीतों की अधिक संख्या होने से पार्क में लिंग अनुपात सुधरेगा, जिससे प्राकृतिक प्रजनन की संभावनाएं और मजबूत होंगी। नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका के बाद अब बोत्सवाना से आए चीतों के शामिल होने से जेनेटिक विविधता में भी काफी सुधार होगा।
वर्तमान में कूनो में वयस्क चीतों की संख्या 18 मादा और 16 नर है। नए लाए गए सभी 9 चीतों को अगले एक महीने तक विशेष क्वारंटीन बाड़ों में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा जाएगा।