इंदौर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने एक ही परमिट का दुरुपयोग कर दो अलग-अलग वाहनों में ले जाई जा रही बोल्ट सुपर स्ट्रांग बीयर को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में कुल 2800 कार्टून बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही एक ट्रक और एक आयशर वाहन सहित कुल 1 करोड़ रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालकों ने अपने नाम काशीराम (38 वर्ष, निवासी श्रीनाथ कॉलोनी, पीथमपुर, जिला धार) और शेख अजगर (50 वर्ष, निवासी ग्राम झोकर, थाना मक्सी, जिला शाजापुर) बताए हैं।
डीसीपी कुमार प्रतीक के अनुसार, अवैध शराब की खरीद-बिक्री और परिवहन रोकने के लिए लसूड़िया थाने के टीआई तारेश सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की।
टीम ने इंदौर बायपास पर होटल एटपीएम के सामने से देवास की ओर से आते एक ट्रक और आयशर को रोका। जांच में दोनों वाहनों में बड़ी मात्रा में बीयर के कार्टून भरे मिले। चालकों से परमिट मांगे गए तो दोनों ने एक ही परमिट दिखाया, जो एक ही कंपनी की बीयर के परिवहन के लिए था। पूछताछ में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिससे अवैध परिवहन की पुष्टि हुई।
जानकारी के अनुसार, यह बीयर शाजापुर जिले के मक्सी के निकट एक वेयरहाउस से ली गई थी और धार की ओर ले जाई जा रही थी। नेमावर रोड पर स्थित वेयरहाउस से संबंधित बिल्टी की भी जांच चल रही है।
डीसीपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में एक वाहन को खराब बताकर दूसरे में माल लोड करने का दावा किया गया, लेकिन दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिसमें मामले में और धाराएं जोड़ने की भी संभावना है। पुलिस अवैध शराब के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।