एल अल्टो में विमान क्रैश: 15 मौतें, करोड़ों के नोट सड़क पर, भीड़ ने मचा दिया हंगामा

बोलीविया के एल अल्टो शहर में शुक्रवार शाम एक बड़ा विमान दुर्घटना घटित हुई, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हुए हैं। यह हादसा बोलीवियाई वायुसेना के हर्क्यूलिस सी-130 कार्गो विमान के साथ हुआ, जो नए छपे बैंक नोटों को लेकर जा रहा था।

रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान सांता क्रूज से उड़ान भरकर एल अल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और पास की व्यस्त सड़क पर जा गिरा। क्रैश के दौरान विमान ने करीब एक दर्जन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने में फायर ब्रिगेड को लंबी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि विमान में लादे गए नए बैंक नोट सड़क पर बिखर गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखा कि मलबे और धुएं के बीच सैकड़ों लोग राहत कार्य में सहयोग करने के बजाय बिखरी नकदी इकट्ठा करने के लिए दौड़ पड़े। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि पुलिस को भीड़ को खदेड़ने के लिए वॉटर कैनन, आंसू गैस और दंगा नियंत्रण उपकरणों का सहारा लेना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि ये नोट अभी सर्कुलेशन में नहीं आए थे और इनमें सीरियल नंबर नहीं थे, इसलिए इनका कोई कानूनी मूल्य नहीं था। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बिखरे नोटों को जलाने की कार्रवाई भी की गई ताकि और अव्यवस्था न फैले।

बोलीविया के रक्षा मंत्री मार्सेलो सालिनास ने पुष्टि की कि विमान नए मुद्रा नोटों को ला पाज़ स्थित सेंट्रल बैंक की ओर ले जा रहा था। अग्निशमन विभाग के प्रमुख पावेल तोवर ने बताया कि मृतकों में विमान के क्रू मेंबर और सड़क पर मौजूद वाहन सवार शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद एल अल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और सभी उड़ानें निलंबित कर दी गईं। बोलीविया की वायुसेना और रक्षा मंत्रालय ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में खराब मौसम या तकनीकी खराबी को हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है।