ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमाहर गांव में एक 28 वर्षीय विवाहित महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। यह दुखद घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात में हुई।
मृतका की पहचान राजकुमारी कुशवाह, पत्नी आकाश कुशवाह, के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला ने अपने कमरे में खटिया पर कूलर रखकर उस पर चढ़कर साड़ी से फंदा बनाया और आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब उनकी सास रामबाई कमरे में पहुंचीं और उन्हें फंदे पर लटकता देखा।
परिवार वालों ने तुरंत फंदा काटकर महिला को नीचे उतारा और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका अपने पति की शराब की लत और इससे जुड़े बार-बार होने वाले घरेलू विवादों से काफी परेशान थी। पति के नौकरी न करने और लगातार झगड़ों के कारण वह गंभीर मानसिक तनाव में थी। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।