छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहित दंपती ने एक ही फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव देर रात सड़क किनारे एक नीम के पेड़ पर लटकते मिले।
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय प्रकाश यादव और उनकी 22 वर्षीय पत्नी पूर्णिमा यादव के रूप में हुई है। प्रकाश जयरामनगर परसदा के निवासी थे, जबकि पूर्णिमा गतौरी की रहने वाली थीं। उनकी शादी महज एक साल पहले हुई थी। दंपती चिंगराजपारा के कदमपारा इलाके में किराए के मकान में रहते थे, जहां प्रकाश मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाते थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पूर्णिमा अपने ससुर दिलहरण यादव से अलग रहना चाहती थीं। इसी मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था। रविवार रात भी इसी बात पर दोनों में तीखी बहस हुई। विवाद के बाद दोनों अलग रहने के लिए सहमत हो गए और अपना सामान पैक कर लिया। इसके बाद वे घर से निकले और सीपत रोड पर स्थित सूर्या चौक के पास पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के नजदीक नीम के पेड़ पर पहुंचे। यहां उन्होंने एक ही कपड़े से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। प्रकाश के पिता दिलहरण यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों के गले में एक ही फंदा लगा था। दिलहरण यादव का बयान दर्ज कर लिया गया है और मर्ग कायम कर जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दंपती घर से घूमने के बहाने निकले थे, जबकि उनके पिता घर में सो रहे थे। जांच में और तथ्य सामने आ सकते हैं।