ग्वालियर-भिंड हाईवे पर रॉन्ग साइड डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक घायल

महाराजपुर थाना क्षेत्र के प्रेस्टीज कॉलेज के निकट ग्वालियर-भिंड हाईवे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने रॉन्ग साइड से आते हुए बाइक सवार एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाइक सवार युवक महाराजपुर से गले के मंदिर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से गलत साइड पर आ रहे डंपर ने उसकी बाइक में भीषण टक्कर कर दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बाइक डंपर में फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। कड़ी मशक्कत के बाद बाइक को डंपर से अलग किया गया। महाराजपुर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और डंपर चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।