बिहार की राजनीति में उत्तराधिकार को लेकर नया मोड़ आता दिख रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इकलौते बेटे निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में कदम रखने की तैयारी में हैं।
जानकारी के अनुसार, निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल होने से पहले ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ संपर्क बढ़ा दिया है। शनिवार सुबह वे जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय झा के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के कई प्रमुख नेताओं और युवा विधायकों के साथ लंबी बैठक की।
इस अनौपचारिक बैठक में बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, पार्टी के संगठन को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आने वाली रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक में जेडीयू के युवा चेहरों के अलावा एमएलसी संजय गांधी, ललन सर्राफ जैसे नेता भी शामिल रहे।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता जेडीयू में नई ऊर्जा और युवा पीढ़ी को आगे लाने का स्पष्ट संकेत है। अब तक राजनीति से अपेक्षाकृत दूरी बनाए रखने वाले निशांत के इस कदम ने पटना की सियासी गलियों में काफी चर्चा और हलचल मचा दी है।
सूत्र बताते हैं कि निशांत कुमार 8 मार्च को पटना में होने वाले एक बड़े कार्यक्रम के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इस आयोजन में राज्य भर से पार्टी के कार्यकर्ता, नेता और समर्थक बड़ी संख्या में जुटने की संभावना है।