इंदौर हाईवे पर भीषण टक्कर: केले लदे आयशर ट्रक से भिड़ा, चालक-क्लीनर की मौके पर मौत

कनाडिया थाना क्षेत्र के बिचोली हाप्सी ब्रिज के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। केले से लदा एक आयशर वाहन हाईवे पर खड़े ट्रक से पीछे से जोरदार टक्कर मार बैठा, जिसके कारण वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आयशर वाहन राऊ की ओर से देवास की दिशा में जा रहा था। बिचोली हाप्सी ब्रिज के निकट सड़क किनारे खड़े ट्रक (जिस पर एक जेसीबी मशीन लदी हुई थी) से इसकी तेज़ टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयशर के चालक और क्लीनर केबिन में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान चालक रमेश उर्फ राजेश पुत्र फूलचंद गोयल और क्लीनर राजू उर्फ राजेश के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही कनाडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और शवों के फंसे होने के कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी चुनौती आई। लगभग डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में तीन जेसीबी मशीनों और एक क्रेन की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि देर रात के अंधेरे के कारण आयशर चालक को सड़क पर खड़ा ट्रक और उस पर लदी जेसीबी नहीं दिखाई दी। दोनों वाहन बायपास पर गलत तरीके से खड़े थे। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक और जेसीबी को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।