इंदौर में ईवी कार आग: एक परिवार के 7 सदस्यों की मौत

ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के हुए एक भयानक अग्निकांड में एक परिवार के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। घर के बाहर चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे की है। उस समय पूरा परिवार गहरी नींद में था। अचानक बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार के चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे चिंगारियां निकलीं और कार में आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए घर में रखे प्लास्टिक के सामान और अन्य ज्वलनशील पदार्थों को अपनी चपेट में ले ली।

कुछ ही देर में आग इतनी विकराल रूप धारण कर गई कि घर में रखे चार गैस सिलेंडर एक-एक कर फट गए। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का एक हिस्सा ढह गया।

आग की सबसे बड़ी बाधा घर का डिजिटल लॉक सिस्टम बना। बिजली गुल होते ही आधुनिक दरवाजे जाम हो गए, जिससे अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके। पड़ोसियों ने बचाव की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण कोई अंदर नहीं पहुंच सका। बाद में फायर ब्रिगेड और बचाव दल ने दरवाजे तोड़कर अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मृतकों में विजय सेठिया (65), सुमन (60), मनोज (65), टीनू (35), सिमरन (30), छोटू (22) और 12 वर्षीय राशि शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घर में पारिवारिक समारोह चल रहा था, जिसके कारण कई रिश्तेदार वहां ठहरे हुए थे। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मंत्री ने जताया दुख, ईवी सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की

मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग के बीच यह घटना एक गंभीर चेतावनी है।

मंत्री ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि विशेषज्ञों की टीम गठित कर पूरी घटना की गहन जांच की जाए तथा भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों संबंधी नए सुरक्षा मानक और एसओपी तैयार किए जाएं।