इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के 19वें दिन भारत ने मानवीय आधार पर ईरान को महत्वपूर्ण चिकित्सा सहायता पहुंचाई है। ईरानी दूतावास ने इस पहल के लिए भारतीय लोगों का आभार व्यक्त किया है। वहीं, इजराइल ने दावा किया है कि उसके हवाई हमलों में ईरान के खुफिया मंत्री एस्माइल खतीब की मौत हो गई है।
भारत द्वारा भेजी गई इस पहली खेप में जरूरी दवाएं, चिकित्सा उपकरण और अन्य स्वास्थ्य सामग्री शामिल हैं। यह सहायता तेहरान में ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी को सौंपी गई, ताकि युद्ध से प्रभावित लोगों के इलाज में मदद मिल सके। ईरान के स्वास्थ्य ढांचे पर भारी बोझ पड़ रहा है, ऐसे में यह सहायता राहत का काम कर रही है।
ईरानी दूतावास ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “भारत के दयालु लोगों की तरफ से चिकित्सा सहायता की पहली खेप ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी तक पहुंच गई है। हम भारत के उदार लोगों का हृदय से शुक्रिया अदा करते हैं।” दूतावास ने तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए, जिनमें ‘People of India’ लिखे मेडिकल पैकेज साफ दिख रहे हैं। यह मदद भारत सरकार और आम नागरिकों की संयुक्त पहल है।