राजस्थान: जालोर में एथेनॉल टैंकर पलटा, ड्राइवर जलकर मरा

जालोर जिले के सिंवाड़ा ओवरब्रिज के पास जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे (NH-68) पर बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक एथेनॉल से लदा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें आग लग गई, जिससे सड़क पर करीब 200 मीटर तक लपटें फैल गईं।

हादसे में टैंकर चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार रिश्तेदार ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के अनुसार, गुजरात रजिस्टर्ड (GJ-12-BZ-9820) टैंकर बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था। इसमें एथेनॉल भरा हुआ था। टैंकर की चपेट में आने वाले ड्राइवर सुखराम (34) पुत्र देदाराम मेघवाल, निवासी मोखावा (गुड़ामालानी, बाड़मेर) की मौत हो गई। उनके साथ सवार नरसीराम (26) पुत्र जोधाराम मेघवाल (सुखराम के बुआ के बेटे) ने कूदकर बचाव किया। नरसीराम को सिंवाड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद स्थिर बताया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टायर फटने जैसी तेज आवाज आई और टैंकर का बैलेंस बिगड़ गया। वह सर्विस रोड की तरफ पलट गया, जिसमें पिछला हिस्सा डिवाइडर पर अटक गया। एथेनॉल का रिसाव होने लगा और ओवरब्रिज की ढलान के कारण तरल पदार्थ सड़क पर नीचे तक फैल गया, जिससे आग भड़क उठी।

टैंकर मुरलीधर कंपनी (जामनगर) का था और यह पंजाब के भंटिडा से गुजरात के कांडला की ओर जा रहा था। हादसे के समय एक अन्य ड्राइवर गुड़ामालानी में उतर चुका था।

घायल नरसीराम ने बताया कि वह गुड़ामालानी से मामा के बेटे सुखराम के साथ टैंकर में सवार था। पलटते ही अचानक आग लग गई और वह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन सुखराम गाड़ी में फंस गया।

मौके पर सांचौर के एसडीएम प्रमोद कुमार और सिंवाड़ा पुलिस पहुंची। चितलवाना थाने के एएसआई मोहनलाल ने हादसे की पुष्टि की। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। आग बुझने के बाद गुड़ामालानी से एक निजी फायर ब्रिगेड भी पहुंची।