जोमैटो से खाना मंगवाना अब और महंगा हो गया है। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो (Eternal Ltd.) ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस में भारी बढ़ोतरी कर दी है। अब हर ऑर्डर पर ग्राहकों को ₹12.50 की जगह ₹14.90 देने पड़ेंगे। यह करीब 19.2% की बढ़ोतरी है (₹2.40 प्रति ऑर्डर)।
कंपनी ने यह बदलाव चुपके से लागू कर दिया है। नई फीस सभी प्रमुख शहरों और ऑर्डर पर लागू हो रही है। प्लेटफॉर्म फीस एक फिक्स्ड चार्ज है, जो डिलीवरी फीस, रेस्टोरेंट बिल और GST से अलग लगाई जाती है।
क्यों बढ़ाई फीस?
जोमैटो ने आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक यह कदम मुनाफे बढ़ाने और यूनिट इकोनॉमिक्स मजबूत करने के लिए उठाया गया है। फूड डिलीवरी सेक्टर में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कंपनी छोटी-छोटी बढ़ोतरी से कुल कमाई बढ़ा रही है। LPG, कच्चे तेल और अन्य लागतों में बढ़ोतरी के बाद रेस्टोरेंट और डिलीवरी पार्टनर्स की लागत भी बढ़ी है, जिसका असर ग्राहकों पर पड़ रहा है।
2023 में ₹2 से शुरू हुई थी। फिर 2024-25 में ₹10, सितंबर 2025 में ₹12 और उसके बाद ₹12.50 कर दी गई थी। अब मार्च 2026 में यह ₹14.90 पहुंच गई है।
ग्राहकों पर असर
- एक ऑर्डर पर ₹2.40 ज्यादा खर्च।
- रोजाना या हफ्ते में कई बार ऑर्डर करने वालों का बिल काफी बढ़ जाएगा।
- स्विगी भी इसी दौरान ₹14.99 (टैक्स सहित) तक फीस ले रही है।
- वहीं, रैपिडो की ‘Ownly’ सर्विस कुछ शहरों में प्लेटफॉर्म फीस नहीं ले रही, सिर्फ डिलीवरी चार्ज। इससे कुछ ग्राहक विकल्प तलाश सकते हैं।