शाहपुरा इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साढ़ू गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय राजेश कजलीखेड़ा के रूप में हुई है, जो शाहपुरा के कजलीखेड़ा इलाके में रहता था। वह मेनिट परिसर स्थित एक छात्रावास में साफ-सफाई का काम करता था। राजेश अपने साढ़ू के साथ मंगलवार रात जाटखेड़ी इलाके में अपने भाई के घर गया था। खाना खाने के बाद रात करीब 1:30 बजे दोनों वापस घर लौट रहे थे।
रोहित नगर पुलिया के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। कार चालक ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां छोड़ने के बाद फरार हो गया। अस्पताल में राजेश को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसके साढ़ू का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके से टक्कर मारने वाली कार को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।