आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हैदराबाद से पामुर की ओर जा रही एक निजी ट्रैवल बस की सामने से आ रही एक टिपर लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलने के कारण कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। इस हादसे में कम से कम 13 लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है, जबकि जिला पुलिस अधीक्षक ने अब तक 8 मौतों की पुष्टि की है। कई अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया, साथ ही मृतकों की पहचान के प्रयास भी जारी हैं।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश कनिगिरी और पामुर क्षेत्र के निवासी थे। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।