मुंबई घूमने की योजना बना रहे एक स्थानीय लोहा व्यवसायी को फर्जी होटल बुकिंग के चक्कर में 1.44 लाख रुपये गंवाने पड़े। आरोपी ने खुद को होटल कर्मचारी बताकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए, लेकिन मुंबई पहुंचने पर पीड़ित को पता चला कि कोई बुकिंग ही नहीं थी।
पीड़ित अंकित मूंदड़ा ने इंदौर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। प्रारंभिक जांच के बाद मामला लसूड़िया थाने को सौंप दिया गया, जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
14 मई 2025 को अंकित मूंदड़ा ने अपने परिवार के साथ मुंबई घूमने का प्लान बनाया। उन्होंने इंटरनेट पर मुंबई के नोबेटेल होटल की खोज की और सर्च रिजल्ट में दिखे एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को होटल स्टाफ बताया और पांच दिनों की बुकिंग का आकर्षक ऑफर दिया।
आरोपी ने प्रति व्यक्ति 7,800 रुपये की दर बताते हुए कुल 1,44,815 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। पैसे लेने के बाद उसने बुकिंग कन्फर्म होने का भरोसा भी दिलाया।
होटल पहुंचकर खुली पोल
जब अंकित परिवार सहित मुंबई पहुंचे और होटल में चेक-इन करने गए, तब रिसेप्शन पर उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर कोई बुकिंग दर्ज नहीं है। जांच करने पर पता चला कि जिस नंबर पर उन्होंने संपर्क किया था, वह होटल का आधिकारिक नंबर नहीं बल्कि फर्जी नंबर था।
पीड़ित ने कई बार उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर स्विच ऑफ या अनुत्तरित रहा। अंत में उन्हें मजबूरन दूसरे होटल में ठहरना पड़ा और इंदौर लौटकर साइबर सेल में शिकायत दर्ज करानी पड़ी।