ग्वालियर: शराब न पिलाने पर दूल्हे के घर मारपीट, सामान लूटा

ग्वालियर जिले के आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव में शादी की खुशी मनाते समय पड़ोसियों ने शराब पिलाने के लिए पैसे मांगे। जब दूल्हे के परिवार ने इनकार कर दिया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद मारपीट कर दी। इस दौरान नई दुल्हन सहित परिवार के सदस्यों और मेहमानों को बुरी तरह पीटा गया। हमलावरों ने घर से घरेलू सामान और नकदी भी लूट ली।

घटना 30 मार्च की रात की बताई जा रही है। महेश जाटव की शादी सम्पन्न होने के बाद जब दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर गांव लौटा तो रात में परिवार और मेहमान खाना खा रहे थे। इसी दौरान गांव के मनोज जाटव, हरनाम, भीम और नवल किशोर जाटव दूल्हे के घर पहुंचे और शादी की खुशी में शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे।

परिवार द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची दूल्हे की मां शीला जाटव और अन्य मेहमानों के साथ-साथ नई दुल्हन को भी बुरी तरह पीटा गया। मारपीट इतनी तेज थी कि दुल्हन बेहोश हो गई।

मारपीट के बाद आरोपियों ने दूल्हे के घर में रखे घरेलू सामान और कुछ नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। मेहमानों द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच दोबारा झड़प हो गई।

मंगलवार को पीड़ित परिवार की ओर से दूल्हे की मां शीला जाटव एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। उन्होंने हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोन थाना पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।