भाजपा 6 अप्रैल को 18 जिलों में नए जिला कार्यालयों का करेगी भूमिपूजन

मध्यप्रदेश के 18 जिलों में आधुनिक जिला कार्यालय बनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी इन कार्यालयों का भूमिपूजन अपने 46वें स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को एक साथ करेगी।

ये कार्यालय उन जिलों में बनाए जा रहे हैं जहां अभी तक भाजपा के पास अपना स्थायी कार्यालय नहीं है। पार्टी ने इन जिलों में स्वयं की निधि से जमीन खरीदी है या राज्य सरकार से लीज पर ली है। संगठन को मजबूत बनाने और स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में बुधवार को हुई वर्चुअल बैठक में प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने संभाग प्रभारियों, जिला अध्यक्षों तथा जिला प्रभारियों को भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, शैलेन्द्र बरूआ, सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, संभाग प्रभारी विजय दुबे, अभय प्रताप सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम और मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

8 से 12 हजार वर्गफीट में बनेंगे कार्यालय

पार्टी की योजना के अनुसार ये नए जिला कार्यालय 8 हजार से 12 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में बनाए जाएंगे। छोटे जिलों में करीब 8 हजार वर्गफीट, बड़े जिलों में 10 हजार वर्गफीट और संभाग मुख्यालय वाले जिलों में 12 हजार वर्गफीट का क्षेत्रफल रखा जाएगा।

प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन के अनुसार, इन 18 कार्यालयों के निर्माण पर कुल 40 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। प्रत्येक कार्यालय पर औसतन 1.5 से 2.5 करोड़ रुपये तक खर्च होने का अनुमान है।

इन जिलों में बनेंगे नए कार्यालय

बुरहानपुर, आगर, सीहोर, सीधी, अशोकनगर, अनूपपुर, ग्वालियर, निवाड़ी, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, मऊगंज, रतलाम, नीमच, मंदसौर, मैहर, भिंड, इंदौर ग्रामीण और धार ग्रामीण।

क्या होगा इन कार्यालयों में?

नए कार्यालयों में जिलाध्यक्ष सहित सभी मोर्चा अध्यक्षों के लिए अलग-अलग चैंबर बनाए जाएंगे। जिला पदाधिकारियों की बैठक के लिए पर्याप्त व्यवस्था के साथ दो कमरों वाला छोटा गेस्ट हाउस भी होगा। इसके अलावा हर कार्यालय में एक बड़ा मीटिंग हॉल, कॉन्फ्रेंस हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, कंप्यूटर रूम और चुनावी वॉर रूम का निर्माण किया जाएगा।

एक साल में तैयार हो जाएंगे कार्यालय

भाजपा ने इन सभी कार्यालयों को एक साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। भूमिपूजन के साथ ही लोकार्पण की तारीख भी तय कर ली गई है। अगले वर्ष 6 अप्रैल 2027 को इन सभी 18 जिला कार्यालयों का लोकार्पण किया जाएगा।