मुरैना में रेत माफिया का आतंक: वनरक्षक को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या

मुरैना में रेत माफियाओं का आतंक जारी है, ताजा मामला मुरैना के देवगढ़ का है, जहां अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक वनरक्षक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है।

पुलिस ने बताया कि वन विभाग की टीम अवैध परिवहन रोकने के लिए चेकिंग कर रही थी, तभी रेत माफियाओं ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान वनरक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और शव का मुरैना जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

इस घटना से पहले भी मुरैना में रेत माफियाओं द्वारा वन विभाग की टीम पर हमले की खबरें सामने आई हैं। पिछले साल मई में भी एक शिक्षक की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया था।