पीएम मोदी और राहुल गांधी की संसद में अनौपचारिक मुलाकात

संसद भवन परिसर में शनिवार को एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच सहज मुलाकात हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। आमतौर पर संसद और चुनावी मंचों पर एक-दूसरे पर तीखे हमले करते दिखने वाले दोनों नेता इस मौके पर शांतिपूर्ण और सहज तरीके से बातचीत करते नजर आए।

यह घटना आज 11 अप्रैल को हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पहुंचे थे। वहां पहले से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश खड़े मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नेताओं से एक-एक कर मुलाकात की और फिर राहुल गांधी के सामने कुछ पलों के लिए रुककर बातचीत की।

वीडियो में दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त चर्चा साफ दिख रही है, हालांकि इस दौरान क्या बात हुई, यह सार्वजनिक नहीं हो सका। उनकी यह मुलाकात राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा का विषय बन गई है, खासकर तब जब संसद में राजनीतिक माहौल काफी गर्म है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने महात्मा फुले के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समानता, न्याय और शिक्षा के आदर्शों के लिए समर्पित रहा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि फुले ने शिक्षा, ज्ञान और जनकल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। वे महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के मजबूत समर्थक थे तथा उनके प्रयासों से शिक्षा सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनी।