जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। एक अनियंत्रित ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें पिकअप में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घटना किकरा तालाब गांव के पास करीब रात एक बजे हुई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार ग्रामीण अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीण मृतकों के परिजनों के घर पहुंचने लगे।
ट्रक चालक ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया कि नेशनल हाईवे पर अचानक ट्रक का टायर पंक्चर हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। उसने बताया कि अंधेरे में उसे सड़क पर मौजूद लोग दिखाई नहीं दिए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। चालक का कहना है कि मृतक उस समय सड़क के बीचों-बीच खड़े थे।
पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह को दी गई जानकारी के अनुसार, पिकअप ड्राइवर सहित कुल पांच लोगों की मौत हुई है। घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। प्रशासन ने नेशनल हाईवे पर वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।