भोपाल: बैरसिया में किराना कारोबारी की गोली मारकर हत्या

बैरसिया थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक किराना कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पीड़ित को सीने में गोली मारी, जो आर-पार हो गई। इस घटना में कारोबारी मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठा।

मृतक की पहचान हनीफ (42 वर्ष), पुत्र मोहम्मद शफीक, के रूप में हुई है। वह बैरसिया के वार्ड नंबर 7 का निवासी था और किराना का कारोबार करता था। शव शमशाबाद रोड पर स्थित एक ढाबे के पास पड़ा मिला।

परिजनों का बयान

परिवार के सदस्यों ने बताया कि हनीफ रिश्तेदारों के घर शमशाबाद जा रहे थे। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे जब वह शमशाबाद रोड पर ढाबे के पास से गुजर रहे थे, तभी अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। केवल एक राउंड फायरिंग हुई। परिजनों ने कहा कि हनीफ का किसी से कोई विवाद या पुरानी दुश्मनी नहीं थी।

घटना की सूचना मिलते ही बैरसिया पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की बाइक भी मौके से बरामद की गई है।

भोपाल ग्रामीण एसपी रामशरण प्रजापति ने बताया कि पुलिस आसपास के ढाबे और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।