इंदौर की सरकारी स्कूल की छात्रा कृष्णा खाजेकर ने मध्य प्रदेश बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
कृष्णा ने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में बताया कि उन्होंने 9वीं कक्षा पास करने के बाद ही 10वीं में अच्छी रैंक लाने का लक्ष्य तय कर लिया था। उन्होंने नियमितता और पूर्ण एकाग्रता के साथ पढ़ाई की। उन्होंने बताया, “मैं घंटों के हिसाब से नहीं, बल्कि निरंतरता बनाए रखते हुए पढ़ती थी। पूरा ध्यान लगाकर पढ़ाई करने पर चार से पांच घंटे ही काफी होते हैं।”
स्कूल की शिक्षिकाओं की लगातार मदद और मार्गदर्शन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। कृष्णा ने कहा कि पढ़ाई में कंसिस्टेंसी बनाए रखना और समय का सही उपयोग करना ही उनकी सफलता की कुंजी रहा।
परिवार की पृष्ठभूमि
कृष्णा के पिता संतोष खाजेकर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। परिवार में दो बहनें और एक छोटा भाई है। उनकी एक बहन भी 10वीं कक्षा में पढ़ती है और उसे 90 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। दोनों बहनों ने मिलकर मेहनत की। कृष्णा अपने छोटे भाई-बहनों को हमेशा प्रेरित करती हैं कि वे अच्छे से पढ़ाई करें और माता-पिता का नाम रोशन करें।
भविष्य का सपना
कृष्णा आगे विज्ञान विषय चुनने वाली हैं और उनका बड़ा सपना IAS अधिकारी बनना है। वे कहती हैं, “मैं अपने पैरों पर खड़ी होना चाहती हूं ताकि माता-पिता का पूरा सहयोग कर सकूं। मैं नहीं चाहती कि पिता को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करनी पड़े।”
उन्होंने बताया कि उनका IAS बनने का सपना कोरोना काल में देखा, जब स्कूल में फीस जमा करने की दिक्कत के दौरान उन्होंने एक IAS अधिकारी को देखा था। उस समय स्कूल के प्रधानाचार्य ने भी उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा था कि अच्छे से पढ़ाई करो।
सोशल मीडिया से दूर
कृष्णा सोशल मीडिया का बिल्कुल इस्तेमाल नहीं करतीं। वे कहती हैं कि सफलता के लिए सिर्फ नियमित और ध्यानपूर्वक पढ़ाई जरूरी है, चाहे कोई सरकारी स्कूल से हो या प्राइवेट।
पिता का संकल्प
पिता संतोष खाजेकर ने कहा, “मेरी बेटी की मेहनत रंग लाई है। मैं हर बच्चे को यही सलाह दूंगा कि सरकारी हो या प्राइवेट स्कूल, अपनी मेहनत कभी न छोड़े।” उन्होंने आगे कहा, “हम बच्चों को हमेशा कहते हैं कि हम रहें या न रहें, लेकिन पढ़ाई कभी मत छोड़ना। बेटी का IAS बनने का सपना मैं पूरी तरह से पूरा करूंगा।”