पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ईडी के रडार पर आ गए हैं। शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने लुधियाना स्थित उनके आवास और अन्य संबंधित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से पंजाब की राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक पुराने मामले और जमीन के सौदों में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की गई है। सुबह तड़के ईडी के अधिकारी लुधियाना पहुंचे और मंत्री संजीव अरोड़ा की कोठी को चारों ओर से घेर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर आवास के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के भारी जवान तैनात किए गए हैं, ताकि जांच में किसी भी तरह का बाहरी हस्तक्षेप न हो सके।
ईडी की टीमें फिलहाल घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य सबूतों की बारीकी से जांच कर रही हैं। हालांकि, विभाग की ओर से इस छापेमारी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। चर्चा है कि आने वाले घंटों में इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इस कार्रवाई के बाद शहर के सियासी माहौल में भारी गहमागहमी देखी जा रही है। बता दें कि हाल ही में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल से जुड़े करीब 10 ठिकानों पर भी ईडी ने छापेमारी की थी, जिसमें जालंधर, कपूरथला और गुरुग्राम समेत कई जगह शामिल थीं।