ईडी ने गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुमन के करीबी सहयोगी के परिसरों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में एसएएस नगर (मोहाली) और चंडीगढ़ के तीन ठिकानों को कवर किया गया।
खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसायटी में छापे के दौरान ईडी टीम को अहम सफलता मिली। सूत्रों के अनुसार, फ्लैट नंबर 906 में तलाशी शुरू होते ही अंदर मौजूद लोगों ने नकदी भरे दो बैग नौवीं मंजिल से नीचे फेंक दिए। ईडी अधिकारियों ने तुरंत बैगों को कब्जे में ले लिया और बिखरे नोटों को भी इकट्ठा किया। इन बैगों में लगभग 20 लाख रुपये नकद थे।
ईडी की यह कार्रवाई सनटेक सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े कथित घोटाले के सिलसिले में हो रही है। एजेंसी ने मोहाली और चंडीगढ़ में कुल 12 स्थानों पर तलाशी ली। इस मामले में अजय सहगल, एबीएस टाउनशिप्स प्राइवेट लिमिटेड, एटलस बिल्डर्स, धीर कंस्ट्रक्शंस और उनके सहयोगियों पर आरोप है कि उन्होंने जीएमएडीए से सीएलयू लाइसेंस हासिल करने में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की और आम लोगों से सैकड़ों करोड़ रुपये ठगे।
ईडी नितिन गोहल के ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है। आरोप है कि गोहल उन बिल्डरों को मदद कर रहे थे जिन्होंने जीएमएडीए की फीस का भुगतान नहीं किया था। उनके ऊपर इन बिल्डरों के लिए राजनीतिक संरक्षण मुहैया कराने का भी आरोप लगाया गया है। नितिन गोहल को सीएम भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुमन का करीबी माना जाता है। उन पर पंजाब सीएमओ में संपर्क अधिकारी के रूप में काम करने का भी संदेह है।