ग्वालियर: ‘लकी चार्ल्स’ बनी महिला ने फेसबुक पर ठेकेदार से ठगे 1 लाख, ब्रिटिश पाउंड बदलने का दिया झांसा

सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ठगी का एक और मामला सामने आया है। ग्वालियर के ठेकेदार कमलकांत यादव से फेसबुक पर ‘लकी चार्ल्स’ नाम की प्रोफाइल वाली महिला ने 1 लाख रुपए ठग लिए। महिला ने खुद को लंदन निवासी डॉ. पेट्रीशिया बताकर पहले नजदीकियां बढ़ाईं, फिर ब्रिटिश पाउंड बदलवाने के बहाने झांसे में लिया।

पीड़ित कमलकांत के मुताबिक, कुछ दिन पहले फेसबुक पर ‘लकी चार्ल्स’ नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। चैटिंग के दौरान महिला ने अपना नाम डॉ. पेट्रीशिया बताया और कहा कि वह लंदन में रहती है। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बात होने लगी। महिला ने भारत घूमने आने की बात कही और भरोसा जीत लिया। 

इसके बाद ठग महिला ने कहा कि उसके पास ब्रिटिश पाउंड हैं, जिन्हें भारत में बदलवाना है। मदद के नाम पर उसने कमलकांत से बैंक डिटेल ली और प्रोसेसिंग फीस के बहाने 1 लाख रुपए खाते से ट्रांसफर करवा लिए। रकम मिलते ही महिला ने 70 हजार रुपए और मांगे। दोबारा पैसे मांगने पर कमलकांत को शक हुआ और ठगी का पता चला।

पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। साइबर सेल जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला का बताया गया लंदन का पता फर्जी है। ‘लकी चार्ल्स’ नाम की प्रोफाइल भी फेक निकली। 

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती कर वित्तीय लेन-देन न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत 1930 पर सूचना दें। मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।