छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पंडोपारा स्थित काटकोना गांव में एक पति ने अपनी पत्नी के साथ अत्यंत क्रूर और अमानवीय व्यवहार किया। उसने पत्नी के हाथ-पैर बांधकर मारपीट की, बाल काटे-मुंडवाए, चेहरे पर कालिख पोती और बच्चों के सामने अपमानजनक हरकतें कीं। इस दौरान उसने बच्चों से ही पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनवाया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता तारा पटना थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 14 जून 2026 की बताई जा रही है। तारा सूरजपुर जिले के करंजी क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनकी 2006 में जितेंद्र घसिया के साथ लव मैरिज हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं, 18 वर्षीय बड़ा बेटा, 16 वर्षीय बेटी, 14 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय छोटा बेटा।
पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। तारा पति से अलग होकर पंडोपारा में रह रही थीं और मजदूरी करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। 11 जून को वे अपने परिचित रमेश घसिया के घर आई थीं। 14 जून को जितेंद्र वहां पहुंचा और गाली-गलौज के बाद पत्नी पर अत्याचार शुरू कर दिया।
क्रूर अत्याचार का विवरण
जितेंद्र ने पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बांधे, कपड़े फाड़े, जूते से पीटा, थप्पड़ मारे, बाल खींचे और कैंची से बाल काटकर सिर मुंडवा दिया। इसके बाद चेहरे पर कालिख पोत दी। पिता के कहने पर बच्चों ने भी अपनी मां को थप्पड़ मारे। आरोपी ने एक बच्चे से अपनी मां को पेशाब पिलवाया और खुद भी ऐसा किया। पूरे समय बच्चों से घटना का वीडियो बनवाता रहा।वीडियो में जितेंद्र पत्नी पर चरित्रहीनता का आरोप लगाते हुए कहता है कि वह जीजा और भांजे के साथ भाग गई थी।
पुलिस कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर पटना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 351(2) और 85 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी जितेंद्र घसिया फरार था, जिसे सूरजपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि शुरुआती शिकायत में कुछ बातें नहीं बताई गई थीं, लेकिन बाद में वायरल वीडियो और पीड़िता के विस्तृत बयान में पूरी घटना सामने आई।