मिसरोद थाना क्षेत्र के बंगरसिया-भोजपुर रोड स्थित जैन ब्रदर्स होटल में शनिवार रात करीब 10:45 बजे 10 से 15 बदमाशों ने हथियारों से लैस होकर हमला बोल दिया। बदमाशों ने होटल में तोड़फोड़ कर चार युवकों पर तलवार, चाकू, हॉकी स्टिक और बेसबॉल बैट से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे होटल स्टाफ और शेफ को भी पीटा गया।
हमले में सबसे गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय लीलाधर कुशवाहा को एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट में 10-12 लोगों के समूह द्वारा धारदार हथियारों से हमले का जिक्र है। एक अन्य युवक को भी चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
पीड़ितों का बयान
लीलाधर कुशवाहा ने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ मंडीदीप स्थित फैक्ट्री से ड्यूटी समाप्त कर राजपूत भवन के पास से पैदल होटल खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार कुछ युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। विरोध करने पर बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर मारपीट की। जान बचाने के लिए चारों युवक होटल के अंदर भाग गए।
कुछ ही देर बाद 10-15 बदमाश हथियार लेकर होटल में घुस आए और युवकों पर हमला बोल दिया। लीलाधर को घसीटकर बाहर ले जाकर गर्दन व शरीर के विभिन्न हिस्सों पर धारदार हथियारों से वार किए गए। पीड़ित ने कहा कि यदि उन्होंने बचाव नहीं किया होता तो उनकी जान जा सकती थी।
CCTV फुटेज में पूरी घटना दर्ज
होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों के होटल में घुसने, तोड़फोड़ करने और हमला करने का पूरा वीडियो कैद हो गया है। पीड़ितों ने फुटेज पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
पुलिस कार्रवाई
मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद जल्द ही एफआईआर दर्ज कर आरोपीयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज नहीं हुआ है।