केतन की मौत का सदमा झेल न सके दादा, 71 वर्षीय देवीचंद अग्रवाल का कार्डियक अरेस्ट से निधन

लोहागढ़ किले से गिरकर जान गंवाने वाले केतन अग्रवाल के निधन के महज कुछ दिन बाद उनके परिवार पर एक और दुख की लहर आई है। केतन के 71 वर्षीय दादा देवीचंद अग्रवाल का शनिवार रात निधन हो गया।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि पोते की मौत का सदमा देवीचंद अग्रवाल सहन नहीं कर पाए। 18 जून को घटित दुर्घटना के बाद से वे मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गए थे और उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही थी। शनिवार रात करीब 9:45 बजे उन्होंने कार्डियक अरेस्ट के चलते आखिरी सांस ली।

परिजनों का कहना है कि केतन की मौत के बाद दादा जी लगातार उदास रहने लगे थे और उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था। इस दूसरी त्रासदी ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।

इस मामले में पुलिस हत्या के एंगल से जांच तेज कर रही है। मुख्य आरोपी सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी के खिलाफ ठोस सबूत जुटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। केतन अग्रवाल की मौत को लेकर परिवार पहले ही संदेह जता चुका है और अब दादा के निधन के साथ इस पूरे प्रकरण ने और गंभीर मोड़ ले लिया है।