मुरैना में कोचिंग जाते छात्रों के दो गुटों के बीच सड़क पर मारपीट, बेल्ट-लात चले

जीवाजीगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कोचिंग जाने के दौरान छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर बेल्ट, लात-घूंसे और धक्का-मुक्की होने लगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई। बात बढ़ते ही छात्र आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और दुकानदार कुछ देर तक तमाशा देखते रहे। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू किया।

पुलिस ने मारपीट में शामिल दोनों पक्षों के कई छात्रों को हिरासत में लेकर थाने लाया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि यह विवाद पुरानी रंजिश के कारण हुआ था। दोनों गुट पहले से एक-दूसरे से नाराज थे और शुक्रवार को आमना-सामना होते ही गुस्सा भड़क उठा।

मारपीट में कुछ छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं है। पुलिस ने छात्रों के अभिभावकों को थाने बुलाकर कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में इस तरह की घटना न दोहराने की हिदायत दी।

इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी। दोषी छात्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और स्कूल-कोचिंग संस्थानों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।