वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और चिप्स सेक्टर में आई तेजी का फायदा उठाते हुए घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को मजबूती के साथ खुला। कारोबार की शुरुआत में ही दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी नए उच्च स्तरों के पास पहुंच गए, जिससे निवेशकों के बीच उत्साह बढ़ गया।
सत्र की शुरुआत में ही भारी खरीदारी देखी गई। बीएसई सेंसेक्स 750 अंकों से ज्यादा की छलांग के साथ खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 24,150 के स्तर को पार कर गया। शुरुआती मिनटों में दोनों सूचकांकों ने करीब 0.85 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की।
आईटी सेक्टर ने बाजार को सबसे ज्यादा सपोर्ट दिया। बाजार खुलते ही आईटी इंडेक्स में दो प्रतिशत से अधिक की तेज उछाल आई। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और टीसीएस जैसे प्रमुख आईटी शेयरों में जोरदार लिवाली देखने को मिली, जो निफ्टी के टॉप गेनर्स में शामिल रहे।
सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 701.73 अंक की बढ़त के साथ 77,443.55 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी50 में 200.85 अंकों की तेजी आई और यह 24,162.25 पर कारोबार कर रहा था।