फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ में इंग्लैंड ने फ्रांस को 6-4 से हराकर कांस्य पदक हासिल कर लिया। आर्सेनल के स्टार बुकायो साका ने इस मैच में हैट्रिक लगाई, जिसकी बदौलत थ्री लायंस ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। यह विश्व कप के तीसरे स्थान के मैचों में अब तक का सबसे ज्यादा गोलों वाला मुकाबला साबित हुआ।
मैच की शुरुआत इंग्लैंड के लिए बेहद शानदार रही। मात्र तीसरे मिनट में डेक्लान राइस ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। 18वें मिनट में एजरी कोंसा ने और बढ़त बनाई। इसके बाद साका ने पहले हाफ के अंत में दो गोल कर इंग्लैंड को 4-0 की मजबूत बढ़त पर पहुंचा दिया।
दूसरे हाफ में फ्रांस ने वापसी की कोशिश की। कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने 48वें मिनट में गोल कर स्कोर 4-1 किया। ब्रैडली बर्कोला और एम्बाप्पे के दूसरे गोल ने मैच को 4-3 तक ला दिया। इंग्लैंड पर दबाव बढ़ गया था, लेकिन साका ने 87वें मिनट में पेनल्टी पर गोल कर अपना हैट्रिक पूरा किया और स्कोर 5-3 कर दिया।
स्टॉपेज टाइम में डेम्बेले ने फ्रांस के लिए एक और गोल किया, लेकिन जूड बेलिंगहैम ने तुरंत जवाबी गोल कर इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित कर दी।
एम्बाप्पे का रिकॉर्ड
हार के बावजूद एम्बाप्पे व्यक्तिगत रूप से चमके। उनके दो गोलों की मदद से उन्होंने इस विश्व कप में 10 गोल पूरे कर लिए, जो लियोनेल मेस्सी से दो ज्यादा हैं। इस प्रदर्शन से वे गोल्डन बूट की दौड़ में आगे निकल गए। साथ ही उन्होंने विश्व कप के इतिहास में कुल 22 गोल कर मेस्सी को पीछे छोड़ दिया।
कल (20 जुलाई) को स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा, जहां मेस्सी गोल्डन बूट जीतने की अंतिम कोशिश कर सकते हैं।