रविवार सुबह करीब 6 से 7 बजे चिरवाई नाका क्षेत्र में पहाड़ी पर बनी 15 फीट ऊंची रिटेनिंग वॉल अचानक ढह गई। इस हादसे में दीवार के पास चाय-सिगरेट का ठेला लगाने वाली एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और देवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय तराना के रूप में हुई है। हादसे के समय तराना अपने ठेले पर थी और उसके साथ पति राहुल उर्फ लल्ली जाटव (42) तथा देवर पप्पू जाटव भी मौजूद थे। तीनों दीवार के मलबे की चपेट में आ गए। पप्पू कुछ दिन पहले ही भाई-भाभी से मिलने आया था।
लव मैरिज करने वाले दंपति की दर्दनाक कहानी
तराना और राहुल मूल रूप से गोल पहाड़िया संजय नगर के रहने वाले थे। दोनों ने लव मैरिज की थी और शादी के बाद तराना ने अपना नाम सपना रख लिया था। शादी के बाद वे गुड़ा-गुड़ी नाके पर किराए के मकान में रह रहे थे। परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए दोनों चाय का ठेला लगाकर गुजर-बसर कर रहे थे।
निर्माण में लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों ने दीवार के निर्माण में बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दीवार जरूरत से ज्यादा ऊंची बनाई गई थी, घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ और पर्याप्त सरिया नहीं डाला गया। यह दीवार नगर निगम द्वारा बनाई जा रही थी और करीब दो महीने पहले इसका निर्माण शुरू हुआ था।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि दीवार के पास ही एक मकान का निर्माण कार्य भी चल रहा था और निर्माण सामग्री दीवार के पीछे रखी गई थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
नगर निगम ने दीवार में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए टीम गठित कर दी है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जांच में दोषी पाए गए किसी भी व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।