शेयर बाजार में तेज गिरावट, सेंसेक्स 532 अंक टूटा

सोमवार को घरेलू शेयर बाजार ने सप्ताह की शुरुआत नकारात्मक रुख के साथ की। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते निवेशक सतर्क हो गए, जिससे प्रमुख सूचकांकों पर दबाव बन गया।

सत्र की शुरुआत में ही सेंसेक्स 532 अंक से अधिक की गिरावट के साथ 77,619 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी 142 अंक नीचे आकर 24,191 पर कारोबार कर रहा था।

बाजार में व्यापक बिकवाली देखी गई, जिसमें मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट भी लाल निशान में रहे। सेक्टरों में सबसे ज्यादा असर बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं पर पड़ा। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी बैंक भी नुकसान में रहे। हालांकि, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स खरीदारी के साथ हरे निशान में बंद हुआ।