रघुवीर यादव ने जेनजी प्रोटेस्ट में बच्चों पर लाठीचार्ज की निंदा की, कहा- ‘सृष्टि कभी माफ नहीं करेगी’

CJP के जेनजी प्रोटेस्ट के दौरान बच्चों पर हुए लाठीचार्ज की घटना पर अब मशहूर अभिनेता रघुवीर यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। ‘पंचायत’ वेब सीरीज में प्रधान के किरदार से लोकप्रिय हो रहे रघुवीर यादव ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया।

वीडियो में रघुवीर यादव ने कहा कि मासूम बच्चों के साथ हुई बर्बरता देखकर उन्हें यकीन नहीं हो रहा। उन्होंने इसे इंसानियत के खिलाफ बताते हुए कहा कि खाकी वर्दी में बच्चों पर लाठियां बरसाना सिर्फ कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरी मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। अभिनेता ने जोर देकर कहा कि इस दरिंदगी को पूरी सृष्टि कभी माफ नहीं करेगी।

रघुवीर यादव ने सवाल उठाया, “बच्चों का अपराध आखिर क्या था? उन्हें पीट लिया, मार लिया।” उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए तीखे अंदाज में कहा, “अब इस महीने की तनख्वाह लेकर अपने बच्चों को रोटी खिलाइए और चैन की नींद सो जाइए, लेकिन यह सृष्टि आपको कभी माफ नहीं करेगी।”

वीडियो के अंत में पूरी तरह भावुक दिखे रघुवीर यादव ने आंदोलन में शामिल बच्चों के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा, “मेरे जिस्म का कतरा-कतरा इन बच्चों के साथ है। मैं इन बच्चों को सलाम करता हूं। तुमने जो हौसला दिखाया है, मुझे भरोसा है कि तुम जरूर सफल होगे।”

नसीरुद्दीन शाह भी हुए भावुक

इस घटना पर प्रसिद्ध अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी भावुक नजर आए। उन्होंने एक संदेश में कहा कि अगर कोई जाहिल इस देश की रहनुमाई करेगा तो वह पूरा मुल्क भी उसी की तरह जाहिल, नासमझ और बेरहम बनाना चाहेगा। नसीरुद्दीन शाह ने छात्रों (तालिब-ए-इल्म) से सीखने की बात करते हुए घटना की निंदा की।