शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ खुला

बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत देखने को मिली। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन वैश्विक स्तर पर मिले नकारात्मक संकेतों और बिकवाली के दबाव से बाजार में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा कच्चे तेल की कीमतों में हुई तेजी ने भी बाजार को प्रभावित किया।

खुलते ही बीएसई सेंसेक्स करीब 600 अंक नीचे आया। इसके बाद यह करीब 700 अंक की गिरावट के साथ 76,243 के स्तर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी भी लगभग 230 अंक टूटकर 23,800 के आसपास आ गया। शुरुआती कारोबार में 1,555 शेयरों में गिरावट रही, जबकि केवल 803 शेयरों में तेजी देखने को मिली।

बाजार की इस कमजोर शुरुआत के संकेत पहले से ही वैश्विक बाजारों से मिल रहे थे। सुबह गिफ्ट निफ्टी 62 अंक की गिरावट के साथ 24,028 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। एशियाई बाजारों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 3 प्रतिशत, जापान का निक्केई 2.91 प्रतिशत नीचे रहा। ताइवान इंडेक्स, शंघाई और हांगकांग के हैंग सेंग में भी क्रमशः 0.91 प्रतिशत, 0.75 प्रतिशत और 0.65 प्रतिशत की गिरावट रही।

निफ्टी-50 के प्रमुख शेयरों में आयशर मोटर्स में सबसे अधिक करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इंफोसिस 2.60 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.56 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन 2.28 प्रतिशत और टीसीएस 2.27 प्रतिशत तक नीचे आए।