मध्यप्रदेश में शिक्षा बजट बढ़ा, फिर भी MP में बंद हुए सबसे ज्यादा स्कूल! 

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की नवीनतम यूडाइस प्लस (UDISE+) रिपोर्ट 2025-26 ने चौंकाने वाले आंकड़े सामने रखे हैं। देशभर में एक साल के दौरान कुल 4,791 स्कूल बंद हुए या अन्य स्कूलों में मिला दिए गए। इनमें से 2,426 स्कूल अकेले मध्यप्रदेश में बंद या विलय हुए, जो राष्ट्रीय आंकड़े का आधे से अधिक हिस्सा है।

रिपोर्ट बताती है कि 2024-25 में देश में स्कूलों की कुल संख्या 14,71,473 थी, जो 2025-26 में घटकर 14,66,682 रह गई। इस अवधि में रोजाना औसतन करीब 13 स्कूल बंद हुए। मध्यप्रदेश के बाद सबसे अधिक बंद स्कूल तेलंगाना (1,392), पश्चिम बंगाल (568), आंध्र प्रदेश (474), तमिलनाडु (369), कर्नाटक (281) और हिमाचल प्रदेश (266) में दर्ज किए गए।

बजट बढ़ने के बावजूद स्कूलों में कमी

मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा का बजट लगातार बढ़ रहा है। 2022-23 की तुलना में यह अब लगभग 36,730 करोड़ रुपये हो गया है। तीन साल में करीब 9 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। फिर भी राज्य में सरकारी स्कूलों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है। कम नामांकन और संसाधनों के बेहतर उपयोग के नाम पर छोटे स्कूलों का विलय मुख्य वजह बताई जा रही है। कुछ राज्यों में स्कूलों की संख्या बढ़ी भी है। बिहार में 946, छत्तीसगढ़ में 234 और दिल्ली में 87 नए स्कूल जुड़े। हालांकि इन राज्यों में भी छात्रों के नामांकन में गिरावट दर्ज की गई।