तीन लगातार कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में हरियाली दिखी। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक संकेतों के सहारे प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स ऊंचे स्तर पर खुले, जिससे निवेशकों को राहत मिली।
सेंसेक्स 220 अंक से अधिक की बढ़त के साथ 76,800 के आसपास कारोबार कर रहा था। यह 76,724 के स्तर पर खुला था। निफ्टी में करीब 80 अंक की तेजी देखने को मिली और यह 24,000 के करीब पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में निफ्टी ने यह स्तर छू भी लिया।
बाजार के व्यापक खंड में भी खरीदारी का माहौल रहा। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी रियल्टी, मीडिया और पीएसयू बैंक इंडेक्स एक-एक फीसदी की मजबूती दिखा रहे थे। वहीं आईटी, ऑटो और एफएमसीजी जैसे क्षेत्रों में 0.70 फीसदी तक की नरमी बनी हुई थी।
निफ्टी के प्रमुख शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई और अडानी पोर्ट्स में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। ये शेयर इंडेक्स के टॉप गेनर्स में शामिल रहे। एक्सिस बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील और एचडीएफसी बैंक में भी बढ़त दिखी।