CM का बड़ा फैसला: अगले साल दो बार कराई जाएगी MPPSC परीक्षा  

मंगलवार को लाल परेड मैदान में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से सीधा संवाद किया और महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ घोषित किया जाएगा और उसी वर्ष मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाएं साल में दो बार कराई जाएंगी।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 20 हजार युवा पहुंचे। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस कॉन्क्लेव में 17 सरकारी विभागों और संस्थाओं ने भाग लिया। स्थल पर 80 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां रोजगार के अवसर, कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप, उद्यमिता, नवाचार, शोध तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश को देश का सबसे युवा राज्य बताते हुए एशियन गेम्स में पदक हासिल करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य में नए कॉलेज, मेडिकल यूनिवर्सिटी और तकनीकी उद्योग स्थापित हो रहे हैं। युवाओं को समर्पित वर्ष 2027 में सरकारी भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए एमपीपीएससी परीक्षाएं एक के बजाय दो बार आयोजित की जाएंगी।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ सरकारी नौकरियों तक सीमित न रखकर स्वरोजगार, स्टार्टअप और उभरती तकनीकों के करियर विकल्पों से जोड़ना था। मध्य प्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप के माध्यम से उद्यमिता संबंधी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान गायक जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की प्रस्तुतियां भी हुईं।