विजयादशमी के अवसर पर मध्य प्रदेश में रावण दहन के भव्य आयोजन हो रहे हैं। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक यह पर्व पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
इंदौर में इस बार सबसे ऊंचा रावण तैयार किया गया है। उषागंज छावनी क्षेत्र के आरएनटी मार्ग स्थित 2 नंबर स्कूल मैदान पर 121 फीट ऊंचे पुतले का दहन रात 12 बजे किया जाएगा। इसके अलावा दशहरा मैदान पर 111 फीट ऊंचे रावण के साथ 250 फीट लंबी लंका का भी दहन शाम करीब 7 बजे होगा। चिमनबाग समेत शहर के कई अन्य स्थानों पर भी बड़े-बड़े पुतले जलाए जाएंगे। आतिशबाजी और रामलीला के प्रसंग दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित करेंगे।
भोपाल में कोलार के बंजारी दशहरा मैदान पर कोलार हिंदू उत्सव समिति द्वारा 105 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। जयपुर के कारीगरों ने इस विशाल पुतले को तैयार किया है। रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाद के पुतले भी जलाए जाएंगे। शहर में करीब दो दर्जन स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उज्जैन में बाबा महाकाल चांदी की पालकी में दशहरा मैदान पहुंचेंगे। सवारी के मार्ग पर लगभग एक लाख वर्गफीट क्षेत्र में रंगोली सजाई गई है। ड्रोन के जरिए पालकी पर पांच क्विंटल फूल बरसाए जाएंगे। दशहरा मैदान पहुंचने पर शमी वृक्ष का पूजन भी होगा। यहां 101 फीट ऊंचे रावण का दहन भी शामिल है।
प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना को देखते हुए आयोजकों ने पुतलों की सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। इस बीच कांग्रेस ने दशहरे के दिन प्रदेश के जिलों में रावण की जगह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाने का ऐलान किया है।