राजधानी भोपाल में आज दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन और बड़ा चल समारोह निकाला जा रहा है। सुबह 9 बजे से प्रमुख घाटों पर विसर्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रात 8 बजे पुराने शहर से मुख्य जुलूस निकलेगा। इस कारण शहर भर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। कई महत्वपूर्ण रास्ते बंद रहेंगे या डायवर्ट किए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि घर से बाहर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग अवश्य देख लें।
विसर्जन स्थल
सुबह 9 बजे से प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, बैरागढ़ और हथाईखेड़ा डैम पर प्रतिमाओं का विसर्जन हो रहा है। शहर में सात हजार से अधिक प्रतिमाओं के विसर्जन की संभावना है। यह प्रक्रिया गुरुवार को भी जारी रहेगी। प्रशासन ने खटलापुरा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज समेत अन्य घाटों पर भी आवश्यक प्रबंध किए हैं।
मुख्य जुलूस का मार्ग
रात 8 बजे भारत टॉकीज तिराहे से मुख्य चल समारोह शुरू होगा। जुलूस सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा चौराहा, गणेश चौक मंगलवारा, गल्ला मंडी हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जनकपुरी, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क होते हुए कमलापति घाट पहुंचेगा। कुछ झांकियां पॉलीटेक्निक चौराहा से भदभदा तिराहा होते हुए प्रेमपुरा घाट की ओर भी जाएंगी।
भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध
21 अक्टूबर सुबह 8 बजे से 22 अक्टूबर सुबह 8 बजे तक ट्रक, डंपर जैसे भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, इस्लाम नगर, चौपड़ा कला, पटेल नगर, 11 मील, रातीबड़, लालघाटी, नूरगंज तिराहा, एयरपोर्ट चौराहा, करोंद, भानपुर और रत्नागिरी से आगे इन वाहनों को शहर में आने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें बायपास मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
शाम 5 बजे से अतिरिक्त बंदिशें
शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे के बीच सिटी बस, मैजिक और चार पहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। जुलूस के दौरान रॉयल मार्केट से पीरगेट, पॉलीटेक्निक से कमला पार्क तथा करबला से रेतघाट मार्ग बंद रहेंगे।